महिला सशक्तिकरण का एक सफल मॉडल बनकर उभर रहा है व्यास प्योर
महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को मिलेगी नई दिशा : उपायुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में आईटीआई बिलासपुर परिसर में व्यास प्योर कैंटीन का शुभारंभ उपायुक्त ने किया। कार्यक्रम जिला प्रशासन बिलासपुर और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
उपायुक्त ने कहा कि व्यास प्योर अब जिले में महिला सशक्तिकरण का एक सफल मॉडल बनकर उभर रहा है। यह नई कैंटीन विद्यार्थियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने के साथ महिलाओं की आत्मनिर्भरता को भी गति देगी। व्यास प्योर जिला प्रशासन की एक विशिष्ट पहल है, जिसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को सशक्त पहचान प्रदान कर उन्हें व्यापक बाजार उपलब्ध कराना है ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें। उन्होंने कहा कि कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों को सौंपा गया है, जिससे स्थानीय स्तर पर सतत रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। कहा कि दिवाली के अवसर पर व्यास प्योर ब्रांड के अंतर्गत लॉन्च किए गए गिफ्ट पैक को जो उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली, वह इस मॉडल की सफलता का प्रमाण है। इसी तर्ज पर भविष्य में अन्य स्थानों पर भी कैंटीन स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। कैंटीन में व्यास प्योर ब्रांड के तहत तैयार अचार, पापड़, मसाले, बेकरी उत्पाद और पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध रहेंगे। यह सभी उत्पाद बिलासपुर जिले की स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं स्वच्छता, गुणवत्ता और स्वाद के उच्च मानकों के अनुरूप तैयार कर रही हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने कहा कि यह पहल वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। प्रधानाचार्य ओंकार सिंह ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कैंटीन विद्यार्थियों को स्थानीय उत्पादों के उपयोग के प्रति जागरूक करेगी और उन्हें उद्यमिता से जुड़ने की प्रेरणा भी देगी। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और जिला प्रशासन की ओर से व्यास प्योर ब्रांड के तहत उनके उत्पादों को नई पहचान देने के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की टीम, आईटीआई का स्टाफ और स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य मौजूद रहीं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, खंड विकास अधिकारी बबीता धीमान और आईटीआई के प्रधानाचार्य ओंकार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।