घुमारवीं में मतगणना में जुटे कर्मचारी व अधिकारी। स्रोत डीपीआरओ
मतगणना केंद्र में टेबल दूर होने का पोलिंग एजेंटों ने किया विरोध
एसडीएम बिलासपुर के दखल के बाद टेबल सेटिंग सुधारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला परिषद और बीडीसी सदस्यों की मतगणना के दौरान सदर उपमंडल के किसान भवन में उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंटों और समर्थकों ने मतगणना प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जताई। एजेंटों का कहना था कि मतगणना टेबल काफी दूर लगाए थे। उनके और मतगणना कर्मियों के बीच दोहरी जाली लगाई गई थी। इससे वे मतों की गिनती को स्पष्ट रूप से नहीं देख पा रहे थे।
एजेंटों का कहना था कि पहले यह टेबल जाली से मात्र एक से डेढ़ फीट की दूरी पर होते थे। इस बार इसमें बदलाव था। इससे मतगणना में गड़बड़ी की भी आशंका थी। इस व्यवस्था के कारण उन्हें पारदर्शिता सुनिश्चित करने में कठिनाई हो रही थी। उन्होंने प्रशासन से व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए नाराजगी जताई। मतगणना के परिणाम घोषित होने में देरी को लेकर भी प्रत्याशियों के समर्थकों में असंतोष देखने को मिला।
किसान भवन के बाहर जिला परिषद और बीडीसी उम्मीदवारों के समर्थकों ने रोष प्रकट किया। समर्थकों का कहना था कि समय पर परिणाम घोषित न आने से लोग परेशान हुए। स्थिति को बिगड़ता देख एसडीएम सदर मौके पर पहुंचे और पोलिंग एजेंटों और समर्थकों से बातचीत कर उन्हें शांत किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मतगणना प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करवाई जा रही है। किसी भी प्रकार की शंका का समाधान किया जाएगा। इसके बाद माहौल सामान्य हुआ और मतगणना का कार्य सुचारू रूप से जारी रहा।
एसडीएम बिलासपुर डाॅ. राजदीप सिंह ने कहा कि लोगों की आपत्ति आने के बाद टेबल नजदीक किए गए। उन्होंने कहा कि मतगणना पूरी वीडियोग्राफी के अधीन की गई है।