9 जनवरी से 16 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे शिविर
राजस्व अधिकारी भू-धारियों की भूमि से उनका आधार करेंगे लिंक
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की विभिन्न पंचायतों के पटवार सर्कल में विभाग की ओर से किसानों की जमीन की आधार सीडिंग को लेकर 9 से 16 जनवरी तक शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
शिविर के लिए शेड्यूल तैयार कर लिया गया है। विभिन्न पंचायत में आयोजित इन शिविरों में राजस्व अधिकारियों को उपस्थित होकर भू-धारियों की भूमि से उनका आधार लिंक करने के आदेश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार किसानों की जमीन ऑनलाइन न होने के कारण उनकी यूनिक आईडी नहीं बन रही थी। विभाग द्वारा की जा रही आधार सीडिंग की स्थिति अच्छी नहीं रहने पर किसानों ने नाराजगी व्यक्त की थी। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विभिन्न पंचायत में किसानों की आधार सीडिंग करने के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। झंडूता तहसीलदार विपिन कुमार ने बताया कि 9 जनवरी को डमली, नखलेहड़ा, डाहड़, गालियां, झंडूता, जांगला, गेहड़वीं, सुन्हाणी, नघियार, कुलज्यार, घरान, जेजवीं और धनी पंचयात में किसानों की भूमि की आधार सीडिंग की जाएगी। इसके अलावा 12 जनवरी को बैहना ब्राह्मना, बैहना जट्टा, बेरी मियां, निहान, बरठीं, बल्हसीना, दसलेहड़ा, भड़ोली कला, पपलोआ, सलवाड में आधार सीडिंग की जाएगी। 13 जनवरी को मलराओं, हीरापुर, विजयपुर, बडग़ांव, मलांगन, झबोला, बडग़ांव, गलु, सनीहरा, बड़ोल व बाला 15 जनवरी को बलघाड़, समोह, बलोह, नगर पंचायत तलाई, कोसरिया, डूडियां और 16 जनवरी को ग्राम पंचायत कलोल व घंडीर में आधार सीडिंग की जाएगी।