जिले को जनभागीदारी से टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इनमें लोगों को टीबी जांच सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन शिविरों में गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, एनीमिया जांच, पोषण परामर्श और एचआईवी संबंधी सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, बुखार, वजन में कमी या रात के समय अत्यधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो वह तुरंत अपनी जांच करवाए। विभाग ने यह भी आग्रह किया है कि लोग अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी टीबी जांच के लिए प्रेरित करें, जिससे समय रहते बीमारी की पहचान हो सके और संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।