बिलासपुर। बंदला धार के सीहड़ा गांव में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक शाखा बिलासपुर द्वारा एक दिवसीय ग्रामीण स्तरीय ग्राहक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक नवीना शर्मा ने की।
कोविड-19 के चलते शिविर में करीब 50 लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। शिविर में सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरा ध्यान रखा गया। लोगों को संबोधित करते हुए बैंक प्रबंधक नवीना शर्मा ने कहा कि डिजिटलाइजेशन के इस दौर में भले ही पैसे के लेन देन को सुलभ बनाया गया लेकिन सुरक्षा की जिम्मेदारी उपभोक्ता की स्वयं की होती है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को फेक कॉल्स से सचेत रहने की आवश्यकता है। बैंक कभी भी अपने उपभोक्ता से फोन के माध्यम से उनके खाता संबंधी जानकारी नहीं मांगता है। यदि इस प्रकार की कोई कॉल आती भी है तो उपभोक्ता को समझ लेना चाहिए कि दूसरी ओर कोई संदिग्ध व्यक्ति है। जो झांसा देकर बेवकूफ बनाने की फिराक में है। ऐसी कॉल्स से सावधान रहना चाहिए।
नवीना शर्मा ने कहा कि कहा कि यह भी चिंता का विषय है कि लोगों को जागरूक करने के लिए सरकार के अधिकांश विभागों द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। बावजूद इसके लोग ठगों के झांसे में आकर अपने खून पसीने की कमाई को पल भर में गंवा बैठते हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह बनाकर महिलाएं अपनी आर्थिकी को सुदृढ़ कर सकती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व डिजिटल बैंकिंग की जानकारी दी। कार्यक्रम में वार्ड सदस्य चमारू राम, रिकवरी ऑफिसर धर्म सिंह, चंद्रशेखर सहित करीब 50 लोगों ने भाग लिया।