भराड़ी में बस को जब्त करते परिवहन विभाग के अधिकारी । संवाद
-जिले में परिवहन विभाग की कार्रवाई जारी, काटे 12 चालान
-लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर उठाए जा रहे कदम : आरटीओ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नियमों की अवहेलना कर रहे वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई जारी है। सोमवार को विभाग ने बिना इंश्योरेंस, परमिट, टैक्स के चल रही एक बस को जब्त किया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश कौशल की अगुवाई में विभाग ने सोमवार को भराड़ी क्षेत्र में वाहनों की जांच की। इस दौरान लदरौर-जाहू-चंदेस रूट पर चलने वाली बस की जांच की गई। विभाग ने प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बस बिना इंश्योरेंस, परमिट, टैक्स के चल रही थी। विभाग ने मौके पर ही बस को जब्त किया। इसके अलावा विभाग ने बिलासपुर, बम्म, पंतेहड़ा, बरोटा, लदरौर, कुठेड़ा में भी कार्रवाई की। इस दौरान 12 चालान किए गए जिसमें 21 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। बता दें कि पिछले दो माह से लगातार विभाग सड़कों पर उतरकर कार्रवाई को अंजाम दे रहा है। विभाग ने बस चालकों को सख्त हिदायत दी है कि वह बिना टैक्स भरे सड़कों पर बसें न चलाएं। यह लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों को बक्शा नहीं जाएगा। आरटीओ राजेश कौशल ने बताया कि यह कार्रवाई अन्य डिफॉल्टर बस ऑपरेटरों के लिए भी एक सख्त संदेश है कि वे समय पर अपने टैक्स का भुगतान करें अन्यथा कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई के बाद अन्य रूटों पर चलने वाली बसों की भी जांच तेज कर दी गई है।