चार गंभीर सहित कई घायल, बैरियर नंबर-1 के पास तीखे मोड़ पर हादसा
अमृतसर से बाबा बालकनाथ के दर्शन कर जा रहे थे शाहतलाई
एसपी अभिषेक धीमान और डीसी राहुल कुमार ने मौके पर संभाला मोर्चा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शाहतलाई बंद होने से घायलों को नहीं मिला उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/गेहड़वीं। बिलासपुर और हमीरपुर की सीमा पर दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर रविवार रात श्रद्धालुओं से भरी पंजाब नंबर की निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में खबर लिखे जाने तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। इसके अलावा कई अन्य श्रद्धालुओं को भी चोटें आई हैं। बस में करीब 35 श्रद्धालु सवार थे। वे अमृतसर से बाबा बालकनाथ के दर्शन कर शाहतलाई लौट रहे थे।
श्रद्धालुओं का ठहराव शाहतलाई स्थित चंडीगढ़ सराय में था। खबर लिखे जाने तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी। मृतकों में एक राहगीर के होने की चर्चा रही, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस या प्रशासन की ओर से नहीं की गई थी। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे दियोटसिद्ध से शाहतलाई की ओर बैरियर नंबर-1 के समीप एक तीखे मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही तलाई थाना पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान और उपायुक्त राहुल कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद घायलों को सबसे पहले शाहतलाई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उस समय स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला। इसके चलते घायलों को प्राथमिक उपचार के बिना अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने धार्मिक यात्रा मार्ग पर 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
शाहतलाई में बस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर इकट्ठा हुए लोग। स्रोत: वीडियोग्रैब
शाहतलाई में बस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर इकट्ठा हुए लोग। स्रोत: वीडियोग्रैब
शाहतलाई में बस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर इकट्ठा हुए लोग। स्रोत: वीडियोग्रैब