बिलासपुर/केमरी। तेज गति में जा रहे एक डीसीएम के चालक ने लापरवाही से एक बुग्गी में टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी चालक की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद डीसीएम को मौके पर चालक फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम चकिया हयातनगर निवासी करन सिंह प्रजापति (48) केमरी थना क्षेत्र के ग्राम कुईया ताल महावर स्थित एक भट्ठे पर काम करता था। बुधवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे वह अपनी बुग्गी से भट्ठे पर जा रहा था। उसके साथ ही केमरी के मोहल्ला सिंघाड़ियान निवासी रामौतार प्रजापति भी था। बिलासपुर-केमरी रोड पर लालानगला गांव के पास सामने से आ रही डीसीएम ने बुग्गी में टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई और बुग्गी पर बैठे दोनों लोग व घोड़ा घायल हो गया। घटना के बाद चालक डीसीएम को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। कुछ ही देर में तमाम लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में कर सभी घायलों को स्थानीय सीएचसी भेज दिया। जहां चिकित्सकों ने करन सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने करन सिंह के पुत्र जोगेंद्र की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। केमरी थाना प्रभारी इंद्रेश सिंह का कहना है कि डीसीएम चालक को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।