-बोले, बजट में हर वर्ग के हितों का रखा गया है विशेष ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट हर देशवासी के सपनों को साकार करने के साथ ही विकसित भारत के मिशन को पूरा करने वाला भी है।
प्रेस को जारी बयान में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बजट में हर वर्ग के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। बजट में 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स फ्री करके मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत दी गई है। कहा कि मोदी सरकार के 12वें बजट में अन्नदाता कहे जाने वाले किसानों पर विशेष फोकस किया गया है। किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख की गई है। देश में दालों का उत्पादन बढ़ाने के लिए 6 साल का मिशन चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे दालों के लिए विदेशों पर निर्भरता कम होगी। युवाओं के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का फंड बनाने का फैसला भी लिया गया है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए टैक्स छूट दोगुनी करने के साथ ही कैंसर समेत कई अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए 36 जीवन रक्षक दवाइयां पूरी तरह से टैक्स फ्री की जाएंगी।