घुमारवीं में आयोजित सहकार भारती बिलासपुर जिला कार्यकारिणी की बैठक में उपस्थित सदस्य। संवाद
-घुमारवीं में हुई सहकार भारती की बैठक
-जिले में कार्यकारिणी विस्तार के लिए बनाई गई योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। सहकार भारती बिलासपुर की बैठक रविवार को घुमारवीं में हुई। बैठक में सहकारी संस्थाओं से संपर्क करने, स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण व सहकारी सभाओं के गठन पर सहमति बनी।
जिलाध्यक्ष देव दत्त शर्मा और जिला मंत्री सुनील कुमार ने बैठक के विषय सभी के समक्ष रखे। सुनील कुमार ने बताया कि सहकारिता के विषय पर विभिन्न बिंदुओं पर सार्थक चर्चा हुई। बैठक में केंद्र और राज्य स्तर पर सहकार भारती की ओर से किए गए कार्यों के बारे में भी चर्चा हुई। इस दौरान जिले में सहकार भारती की ओर से चलाए जा रहे सहकारी प्रकल्पों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। सहकारिता से संबंधित कानूनों व नियमों पर भी व्यापक विचार विमर्श हुआ और इनमें कुछ संशोधनों का मुद्दा सरकार से उठाने पर भी प्रस्ताव पारित हुआ।
बैठक में सहकार भारती के प्रदेशाध्यक्ष राजेश कुमार ने विशेष तौर पर शिरकत की। उन्होंने संगठन के विस्तार के लिए सेवा, संपर्क और समर्पण के साथ काम करने और संगठन की नियमित टोली व जिला कार्यकारिणी बैठक करने का आग्रह किया। उन्होंने आगामी समय में जिले की सभी तहसील कार्यकारिणी के विस्तार करने पर बल दिया और योजना भी बनाई गई। इस मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेंद्र जगोता, नंद लाल शर्मा, हेमराज निखिल, दूनी चंद, अमर नाथ भारद्वाज, रामगोपाल और प्रकाश चंद सहित अन्य मौजूद रहे।