3.50 करोड़ की लागत से बनेगा पुल, बाड़ी मझेडवां-पनौल के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
किसानों को अपनी जमीन तक पहुंचने के लिए नहीं लगाना पड़ेगा अतिरिक्त चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं के अंतर्गत ग्राम पंचायत बाड़ी मझेडवां में सीर खड्ड पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब 68 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण पर 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पुल बनने के बाद यह ग्राम पंचायत पनौल के डाहड़-जम्मन सड़क मार्ग से जुड़ जाएगा, जिससे बाड़ी मझेडवां, पनौल और अमरपुर पंचायतों के हजारों लोगों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
वर्षों से क्षेत्र के ग्रामीण इस पुल के निर्माण की मांग उठा रहे थे। पुल सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने के बाद न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी। पुल तैयार होने के बाद इस मार्ग पर कार, जीप और अन्य हल्के वाहनों की आवाजाही संभव हो जाएगी। इससे बाड़ी मझेडवां और पनौल क्षेत्र के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। वर्तमान में लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, लेकिन पुल बनने के बाद यह दूरी काफी कम हो जाएगी। बाड़ी मझेडवां पंचायत के कई किसानों की आधे से अधिक कृषि भूमि पनौल क्षेत्र में है। वहीं पनौल और अमरपुर पंचायत के कई लोगों की जमीनें बाड़ी मझेडवां क्षेत्र में हैं। सीर खड्ड पर पुल नहीं होने के कारण किसानों को अपनी ही जमीनों तक पहुंचने के लिए करीब छह से सात किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। पुल बनने से किसानों को खेतीबाड़ी के कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी। कृषि उपकरणों और उत्पादों को लाने-ले जाने में सुविधा होगी। इसके अलावा तीनों पंचायतों के बीच सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। लंबे समय से चली आ रही मांग अब धरातल पर उतर रही है। उन्होंने सरकार और लोक निर्माण विभाग का आभार जताते हुए कहा कि पुल बनने के बाद ग्रामीणों की बड़ी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
कोट्स
तकनीकी शिक्षा एवं राजस्व मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाड़ी मझेडवां में सीर खड्ड पर बनने वाला यह पुल लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। पुल के निर्माण से तीन पंचायतों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।