मौसम अनुकूल होते ही 8.5 किलोमीटर में होगी टारिंग और मरम्मत
खस्ताहाल सड़क से लोगों को मिलेगी राहत, धूल और कीचड़ से दुकानदार हैं परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। लोक निर्माण विभाग मंडल-2 जुखाला के तहत ब्रह्मपुखर–नलवाड़ सड़क की खस्ता हालत से जल्द ही लोगों को राहत मिलने वाली है। विभाग ने इस सड़क की मरम्मत और टारिंग के लिए करीब तीन करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। विभाग की योजना के अनुसार, मौसम अनुकूल होते ही लगभग 8.5 किलोमीटर लंबे पैच में तारकोल बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
ब्रह्मपुखर–नलवाड़ सड़क बुरी तरह से खराब हुई है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और धूप में उड़ती धूल से राहगीरों, दुकानदारों और लोगों का जीना दूभर हो गया है। सड़क से सटे ब्रह्मपुखर, घ्याना, पटवारखाना, झंडा, जुखाला और गसौड़ जैसे क्षेत्रों के लोगों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की हालत ऐसी हो चुकी है कि बारिश के समय दुकानों में कीचड़ भर जाता है और जब धूप निकलती है तो धूल उड़ने से दुकान में रखा सामान खराब हो जाता है। दुकानदार देवराज शर्मा, यशपाल, रमेश चंद, कार्तिक और किशोर ठाकुर सहित कई लोगों ने विभाग से जल्द सड़क की टारिंग करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि विभाग हर बार गड्ढों को मिट्टी से भर देता है, जिससे धूल का गुबार और बढ़ जाता है। यह सड़क बिलासपुर जिले को जोड़ने वाली प्रमुख मार्गों में से एक है। इसी रास्ते से सैकड़ों वाहन रोजाना आवाजाही करते हैं। हिमाचल के अलावा देश के अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटक भी इसी मार्ग से शिमला और मनाली की ओर जाते हैं। दोपहिया वाहन चालकों को इस मार्ग से गुजरते वक्त भारी खतरा बना रहता है।
कोट
ब्रह्मपुखर–नलवाड़ सड़क की टारिंग का टेंडर हो चुका है। जैसे ही मौसम अनुकूल होगा, विभाग इसकी मरम्मत और तारकोल बिछाने का काम शुरू कर देगा। विभाग का प्रयास है कि जल्द से जल्द यह कार्य पूरा कर लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
रंजन गुप्ता, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी मंडल-2