घुमारवीं पुलिस ने 14.9 ग्राम हेरोइन की बरामद
कोर्ट ने दोनों को तीन दिन की रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने 14.9 ग्राम हेरोइन के साथ युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने दोनों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम फोरलेन पर गश्त कर रही थी। टिहरा टनल के पास नाकेबंदी कर रखी थी और वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी एक कार को पुलिस ने जांच के लिए रोका। कार में युवक और युवती बैठी थी। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की, जिस पर वे घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। कार के अंदर रखे बैग से 14.9 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान नेश राम (34) निवासी गांव व डाकघर पिपलाग तहसील भुंतर जिला कुल्लू के रूप में हुई है। वहीं आरोपी युवती मंडी निवासी है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।