हादसे के दौरान खड़ी गाड़ी में बैठ कर रहे थे आराम
- गांव के लिए बन रही सड़क में श्रमदान करने आए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पंतेहड़ा के फागत गांव में एक बोलेरो कैंपर गाड़ी खाई में गिर गई। हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई। हादसे के दौरान पूर्व सैनिक बोलेरो में बैठ कर आराम कर रहे थे। इसी बीच वह खुद ही आगे की ओर चल पड़ी और खाई में गिर गई। वह गांव के लिए बन रही सड़क में श्रमदान करने आए थे। था।
जानकारी के अनुसार इन दिनों फागत गांव तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क के लिए कई ग्रामीणों ने अपनी भूमि दी है और श्रमदान भी कर रहे हैं। गांव के सेवानिवृत्त सैनिक बाबूराम (65) ने भी सड़क के लिए अपनी भूमि दान दी है। हालांकि वह परिवार के साथ किरतपुर पंजाब में रहते थे। बाबूराम एक सप्ताह पहले इस सड़क के निर्माण कार्य में श्रमदान करने के लिए गांव आए थे। गत दिवस श्रमदान करते हुए वह कुछ देर आराम के लिए निर्माण स्थल पर खड़ी एक बोलेरो कैंपर की पिछली सीट पर बैठ गए। इसी बीच वह गाड़ी आगे की ओर चल पड़ी और करीब 80 फुट गहरी खाई गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें खाई से निकाला। गंभीर हालत में सीएचसी भराड़ी पहुंचाया, जहां से उन्हें हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हमीरपुर से भी उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। भराड़ी थाना प्रभारी देवानंद ने बताया की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई जारी है।