-बाला में ग्रामीणों ने किया छिंज का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत बाला में स्थानीय लोगों के सहयोग से छिंज का आयोजन किया गया। छिंज में दो मालियां हुईं। समारोह में स्थानीय विधायक जीतराम कटवाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
छिंज कमेटी ने मुख्य अतिथि को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। छिंज में जिला, प्रदेश सहित जम्मू, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान सहित अन्य राज्यों के नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया। बड़ी माली जालंधर के बॉबी पहलवान और बठिंडा के अमन के बीच हुई। इसमें जालंधर के बॉबी विजयी हुए। मुख्य अतिथि ने विजेता पहलवान को 11 हजार रुपये और गुर्ज, उपविजेता पहलवान को 10 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। छोटी माली के विजेता पहलवान जम्मू के ओंकार को छह हजार रुपये और गुर्ज दिया गया, जबकि उपविजेता पहलवान मथुरा के मुकेश को पांच हजार रुपये से सम्मानित किया। इस अवसर पर क्षेत्र के समाजसेवी प्रेम सिंह ठाकुर, राज पाल ठाकुर और रवि कुमार ने छिंज में आए लोगों को मीठे पानी की छबील लगाकर उन्हें मीठा और ठंडा पानी पिलाया। इस दौरान छिंज कमेटी के प्रधान सुखराम ठाकुर, प्रेम सिंह ठाकुर, रसम सिंह चंदेल, धर्म सिंह सहगल, राकेश ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।