घुमारवीं में भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते केंद्रीय वित राज्य
- फोटो : BILASPUR
भगेड़ (बिलासपुर)। भाजपा का हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को मिलन पैलेस घुमारवीं में शुरू हुआ। इसका शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया। इस अवसर पर पंचायतीराज मंत्री विरेंद्र कंवर, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग, उद्योग एवं परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर और प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अनुराग ठाकुर को खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया। अनुराग ठाकुर ने केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसानों के लिए पीएम किसान निधि में 65000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राजेंद्र गर्ग ने कार्यकर्ताओं को व्यक्तित्व विकास पर टिप्स दिए। पंचायतीराज मंत्री विरेंद्र कंवर ने 2014 के बाद भारतीय राजनीति में आए बदलाव एवं हमारा दायित्व, उद्योग एवं परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर ने प्रदेश में राजनीतिक परिदृश्य और प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने अपना बूथ सबसे मजबूत के बारे में कार्यकर्ताओं को टिप्स दिए। भाजपा मंडल घुमारवीं के मीडिया प्रभारी महेंद्र पाल रतवान ने बताया कि मंगलवार को शिविर के समापन पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल कार्यकर्ताओं को टिप्स देंगे।