जवाहर लाल यूनिवर्सिटी (जेएनयू) प्रकरण को लेकर भाजपा उग्र हो गई है। शनिवार को घुमारवीं भाजपा ने प्रकरण को लेकर जोरदार रैली निकाली।
घुमारवीं भाजपा मंडल ने दकड़ी चौक से लेकर गांधी चौक तक रैली निकालते हुए जोरदार नारेबाजी की गई। इस दौरान गांधी चौक पर राष्ट्र विरोधी ताकतों का पुतला फूंका।
शुक्रवार को सदर भाजपा ने जिला मुख्यालय में इस प्रकरण के विरोध में जोरदार हल्ला बोला था। शनिवार को भी घुमारवीं भाजपा ने इस प्रकरण को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने शहर के दकड़ी चौक से लेकर गांधी चौक तक झंडे लेकर रोष रैली निकाली। गांधी चौक में राष्ट्र विरोधी ताकतों का पुतला जलाया गया।
इस रैली में शिक्षा संस्थान जेएनयू में चली देश विरोधी गतिविधियों की कड़ी निंदा की गई। भाजपा नेताओं राजेंद्र गर्ग, विक्रम शर्मा और नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि शिक्षण संस्थाओं में ऐसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
शिक्षण संस्थानों में सरकार लाखों करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन जवाहर लाल यूनिवर्सिटी में देश विरोधी गतिविधियां देश के लिए शुभ संकेत नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल इस मसले को शांत करने की बजाय अपनी स्वार्थसिद्धि करने में लगे हुए हैं, जो कि शर्मनाक बात है। उन्होंने कहा कि आज देश के प्रत्येक नागरिक का फर्ज है कि वह इस तरह की राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें।
उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतों को बेनकाब करने के लिए भाजपा को विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, महामंत्री जोरावर सिंह, उषा ठाकुर, शहरी इकाई अध्यक्ष कर्म चंद चंदेल, नवीन शर्मा, पदम देव, विकास राव, राजेश शर्मा, संदीप शर्मा, नरेंद्र शर्मा, कमला संधू, महेंद्र पाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।