राज्य सहकारी बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव सुनील शर्मा
-सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर कार्य कर रही है कांग्रेस सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राज्य सहकारी बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव सुनील शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रदेश सरकार के खिलाफ आधारहीन बयानबाजी कर रही है। जबकि वे खुद जानते हैं कि केंद्र सरकार प्रदेश सरकार को अपेक्षित सहयोग नहीं दे रही है।
सुनील शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर कार्य कर रही है, जो भाजपा नेताओं को रास नहीं आ रहा। सदर भाजपा विधायक केवल अपने वरिष्ठ नेताओं को खुश करने के लिए प्रदेश सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पानी, सड़क और बिजली जैसी समस्याओं को लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, तब इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब केवल सरकार की आलोचना करने का एकमात्र एजेंडा रह गया है। कहा कि भाजपा नेता न केवल सरकार की आलोचना कर रहे हैं, बल्कि दिल्ली जाकर विकास कार्यों में बाधाएं भी उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं को नसीहत दी कि यदि वे सच में प्रदेश की जनता के हितैषी हैं, तो केंद्र सरकार के सामने प्रदेश की मांगों को रखें ताकि राज्य को अपेक्षित सहायता मिल सके।