विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष के आरोपों पर जताई कड़ी आपत्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। परमार ने पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने 10 झूठी गारंटियां देकर सत्ता में प्रवेश किया और वह असली वोट चोर है।
रामलाल ठाकुर ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि इतने ऊंचे संवैधानिक पद पर रह चुके नेता को यह तक नहीं पता कि कांग्रेस सरकार ने अपनी अधिकांश गारंटियां पूरी कर दी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार अब तक 10 में से 6 गारंटियां पूरी कर चुकी है और शेष 4 पर तेजी से कार्य जारी है, जिन्हें शीघ्र पूरा कर दिया जाएगा।
रामलाल ठाकुर ने कहा कि झूठी गारंटियां देना तो भाजपा की परंपरा रही है। सत्ता में आने से पहले भाजपा ने 100 दिन में महंगाई कम करने, हर वर्ष 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने और हर परिवार के खाते में 15 लाख रुपये डालने जैसी घोषणाएं की थीं, लेकिन जब सत्ता मिली तो इन वादों को ‘जुमला’ बता कर टाल दिया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी की ओर से वोट चोरी के खिलाफ राज्यों में चलाए जा रहे अभियान से भाजपा नेताओं में हलचल है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता अब भाजपा की झूठी घोषणाओं से तंग आ चुकी है और सत्ता में उसके दिन गिने-चुने रह गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले बिहार चुनाव इसका स्पष्ट उदाहरण होंगे, जहां जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।