बिलासपुर में सब्जी की दुकान। संवाद
-रमजान के चलते बढ़ी मांग, दिल्ली से कम सप्लाई आने से महंगे बिक रहे फल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के बाजारों में इन दिनों फलों और सब्जियों के दामों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। खासकर फलों की कीमतों में तेजी से उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। रमजान के चलते फलों की मांग बढ़ने और बाहरी मंडियों से सप्लाई सीमित रहने के कारण कई फल ऊंचे दामों पर बिक रहे हैं, जिसे आम आदमी नहीं खरीद पा रहा है।
बुधवार को जिले में अनार 233 से 387 रुपये प्रति किलो तक बिका। अंगूर 149 से 211 रुपये प्रति किलो, अमरूद 99 से 124 रुपये और संतरा 87 से 124 रुपये प्रति किलो तक दर्ज किया गया है। मौसमी 50 से 62 रुपये, किन्नू 50 से 62 रुपये, पपीता 50 से 62 रुपये और अनानास 50 से 55 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। सेब की किस्मों में रॉयल डिलीशियस 161 से 310 रुपये और गोल्डन डिलीशियस 149 से 248 रुपये प्रति किलो तक दर्ज किया गया है। इसके अलावा बेर 62 से 74 रुपये और आंवला 62 से 68 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। केले 83 से 89 रुपये प्रति दर्जन दर्ज किए गए हैं, जबकि नारियल 22 से 25 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। सब्जियों की बात करें तो आलू 9 से 12 रुपये, प्याज 19 से 27 रुपये, फूलगोभी 28 से 31 रुपये और बंदगोभी 11 से 14 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है। शिमला मिर्च 63 से 111 रुपये, करेला 111 से 118 रुपये, टमाटर 39 से 49 रुपये और बैंगन 33 से 38 रुपये प्रति किलो तक दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा मूली 21 से 25 रुपये, कद्दू 42 से 49 रुपये, खीरा 21 से 49 रुपये और मटर 28 से 49 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। भिंडी 97 से 139 रुपये, फ्रासबीन 83 से 97 रुपये और हरी मिर्च 125 से 139 रुपये प्रति किलो तक दर्ज किए गए हैं। अदरक 74 से 93 रुपये और लहसुन 99 से 174 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। सब्जी विक्रेताओं संजू, मनीष का कहना है कि रमजान के महीने में फलों की मांग बढ़ जाती है। ज्यादातर फल दिल्ली और अन्य बड़ी मंडियों से आते हैं। मांग अधिक और सप्लाई कम होने के कारण इन दिनों बाजार में कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। उधर उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण घर का बजट प्रभावित हो रहा है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सप्लाई बढ़ने पर दामों में कुछ राहत मिल सकती है।