सोलन के वायराड क्षेत्र में भूस्खलन के बाद बंद हुआ राष्ट्रीय राजमार्ग।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
लगातार बारिश के बीच सोलन जिले के वायराड क्षेत्र में भूस्खलन होने से शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग-205 सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। मार्ग बंद होने के बाद बिलासपुर पुलिस ने यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जारी की है। पुलिस के अनुसार, बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहन घुमारवीं, जुखाला, जबल पुल, रानीकोटला, खारसी और वाइडमोड़ होते हुए शिमला पहुंच सकते हैं।
वहीं, शिमला से मंडी जाने वाले वाहनों के लिए शिमला, वाइडमोड़, नवगांव, खारसी, रानीकोटला और बैरी होकर यात्रा करने की सलाह दी गई है। शिमला से बिलासपुर और हमीरपुर आने वाले वाहनों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने को कहा गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, यातायात पुलिस का सहयोग करें, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें और आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दें, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।