पहले से पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब तक फैले चिट्टा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 40.07 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के जरिये चिट्टे के मुख्य तस्कर को पंजाब के खरड़ से 33 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना स्वारघाट में 16 जुलाई को एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। यातायात चेकिंग के दौरान पुलिस ने सुमन कुमार निवासी सुरहाड़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई तो चिट्टे का स्रोत पंजाब के खरड़ से जुड़ा मिला। इसके बाद 17 जुलाई को बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम पंजाब रवाना हुई और खरड़ में दबिश देकर सोनू कुमार निवासी श्री मुक्तसर साहिब (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 32.75 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोनू कुमार बरामद चिट्टे की खेप बिलासपुर के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस उसके संपर्कों और संभावित ग्राहकों की भी जांच कर रही है।
कोट
बिलासपुर पुलिस की प्राथमिकता केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि उनके पूरे सप्लाई नेटवर्क और मूल स्रोत तक पहुंचकर उसे पूरी तरह ध्वस्त करना है। बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर की जा रही कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। भविष्य में भी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अभिषेक धीमान, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर