बिलासपुर के झंडूता उपमंडल की पंचायत भड़ोलीकलां के वार्ड नंबर-1 भड़ोली खुर्द में पंचायत चुनाव के दौरान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वर्षों से सड़क सुविधा नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव का बहिष्कार कर दिया। बहिष्कार का असर मतदान पर साफ दिखाई दिया और वार्ड में कुल 242 मतदाताओं में से केवल 6 वोट ही पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि चिल्ला वाले मोड़ से बागडू तक दो किलोमीटर सड़क पिछले करीब 35 वर्ष से कच्ची है। बरसात में सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को ट्रैक्टर या पालकी के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।
भड़ोली खुर्द में केवल 6 वोट पड़ने की रिपोर्ट उपायुक्त बिलासपुर को भेज दी गई है। उपायुक्त कार्यालय द्वारा इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई थी, जिसे प्रशासन को प्रेषित कर दिया गया है।-संजीव पुरी, विकास खंड अधिकारी झंडूता