जुखाला (बिलासपुर)। नम्होल विद्युत उपमंडल के तहत दयोथ में वीरवार शाम बिजली का कनेक्शन दे रहे बिजली बोर्ड के कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना शाम 4:30 बजे की है। करंट लगने के बाद कर्मचारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर से आईजीएमसी शिमला रेफर किया दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नम्होल विद्युत उपमंडल के तहत दयोथ अनुभाग में वीरवार शाम करीब 4:30 बजे कर्मचारी अमरनाथ ठाकुर बिजली का मीटर लगाने घ्याणा गांव में गए थे। यहां बिजली का कनेक्शन लगाते समय उन्हें करंट लग गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने कर्मचारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कर्मचारी को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया लेकिन नौणी के पास उनकी मौत हो गई।
सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल नम्होल बृजलाल ठाकुर ने बताया कि हादसे में उनके एक कर्मचारी की मौत हो गई है। कनिष्ठ अभियंता रामलोक ठाकुर, तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव शालिग्राम ठाकुर सहित नम्होल के सभी कर्मचारियों ने उनके निधन पर परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। संवाद