बिलासपुर के डंगार स्कूल की छात्रा प्रियल शर्मा ने तैयार किया मॉडल।
- फोटो : BILASPUR
भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार की छात्रा प्रियल शर्मा ने तीखे मोड़ पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए एक सेंसर युक्त सिस्टम तैयार किया है। मोड़ पर इस सिस्टम को लगाने से वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन की पहले ही सूचना मिल जाएगी।
प्रियल शर्मा ने जो सिस्टम बनाया है, उसे मोड़ पर दोनों ओर लगाया जाएगा। वाहन के मोड़ पर पहुंचने पर यदि दूसरी ओर से वाहन आ रहा होगा तो सामने लाइट जलेगी और सायरन बज उठेगा।
प्रियल ने इस मॉडल को हाल ही में हमीरपुर में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रस्तुत किया। अब इस मॉडल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया है। प्रियल ने बताया कि मोड़ पर दोनों तरफ सेंसर युक्त सिस्टम को लगाकर हादसों से बचा जा सकेगा।
मोड़ पर जैसे ही वाहन पहुंचेगा तो दूसरी तरफ से आने वाले वाहन चालकों को लाइट जलती मिलेगी और सायरन की आवाज सुनाई देगी। यह सिस्टम पहाड़ी राज्यों में हादसों को रोकने में कारगर साबित होगा। स्कूल प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने बताया कि प्रियल के मॉडल का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है। प्रियल ने बेहतर मॉडल बनाया है जो हादसों की रोकथाम के लिए बेहतर साबित होगा। संवाद