घुमारवीं में आयोजित बैठक में उपस्थित हिमाचल प्रदेश सयुंक्त पटवार व कानूनगो महासंघ जिला बिलासपुर
बोले, जिला स्तरीय कैडर को राज्य स्तर का बनाना गलत
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश पटवारी एवं कानूनगो महासंघ जिला बिलासपुर इकाई की बैठक घुमारवीं में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सुनील दत्त जोशी ने की। महासंघ ने प्रदेश सरकार द्वारा पटवारी एवं कानूनगो के जिला स्तरीय कैडर के साथ छेड़छाड़ करके राज्य स्तरीय करने पर महासंघ ने कड़ा विरोध जताया है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में कार्यरत पटवारी एवं कानूनगो समूचे हिमाचल प्रदेश में जिला स्तरीय कैडर के तहत नियुक्त हुए हैं और उसी के तहत प्रचलित आरएंडपी रूल्स के अनुसार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यदि सरकार जिला स्तरीय कैडर से राज्य स्तरीय करती है तो यह कैडर उन पटवारी भर्तियों पर लागू हो जिनकी अधिसूचना सरकार वर्तमान में कर रही है। जिला स्तरीय कैडर प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों, रीति-रिवाजों, भाषा एवं प्रचलित बोलियों के आधार पर स्थानीय लोगों से आत्मीयता का भाव रखने के लिए किया गया था। लेकिन इसके साथ अवांछित छेड़छाड़ क्षेत्रीय कर्मचारियों की कार्य कुशलता, क्षमता व लोगों के साथ आपसी तालमेल को प्रभावित करेगा। जिला स्तरीय कैडर से राज्य स्तरीय कैडर होने से पटवारी एवं कानूनगो की वरिष्ठता और पदोन्नति में विसंगतियां उत्पन्न होंगी जोकि अनावश्यक रूप से विभिन्न न्यायिक विवादों को जन्म देंगी। इस मौके पर वरिष्ट उपप्रधान बबलू, महासचिव भारत भूषण, अनमोल, ममता और सोनू कुमारी सहित अन्य मौजूद रहे।