प्रभावित हो रहे विकास कार्य,अस्थायी तौर पर ईओ की हुई नियुक्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर में करीब दो साल से स्थायी कार्यकारी अधिकारी (ईओ) की नियुक्ति नहीं हो पाई है। स्थायी ईओ न होने से नगर परिषद के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
एक बार फिर नप बिलासपुर में अस्थायी तौर पर कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति की गई है। मेहतपुर और बंगाणा का कार्यभार संभाल रहीं वर्षा चौधरी को बिलासपुर नप का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इससे पहले यह अतिरिक्त कार्यभार नालागढ़ से राजवीर सिंह, श्री नयना देवी जी से प्रतिमा राय और सुंदर नगर से हितेश कुमार के पास था। हितेश कुमार के पास दो बार अस्थायी तौर पर यह कार्यभार रहा है। करीब दो साल से हर बार कुछ समय बाद अस्थायी तौर पर बिलासपुर में कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति की जाती है। इस कारण बिलासपुर नप में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अतिरिक्त कार्यभार होने के चलते अधिकारी माह में कुछ एक दिन ही बिलासपुर नप कार्यालय होते हैं। इस कारण लोगों को अपना कार्य कराने के लिए इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा नगर परिषद क्षेत्र के तहत होने वाले विभिन्न प्रकार के विकास कार्यों में भी रुकावट आती है। हालांकि नगर परिषद की ओर से इसके लिए सरकार को भी अवगत कराया गया है, इसके बावजूद स्थायी तौर पर कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति नहीं हो पाई है। नगर परिषद अध्यक्ष कमल गौतम ने बताया कि इस मामले में आला अधिकारियों को अवगत कराया गया है। उम्मीद है कि शीघ्र ही स्थायी तौर पर कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।