हिमाचल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एचआरटीसी बस से 31 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में दोनों आरोपी जिले में नशे की खेप पहुंचाने की फिराक में थे। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार स्पेशल डिटेक्शन टीम (एसडीटी) ने कैंची मोड़ फोरलेन के पास नाकाबंदी के दौरान कीरतपुर की ओर से आ रही एचआरटीसी बस की तलाशी ली। जांच में डियारा सेक्टर निवासी अरुण कुमार (32) और अविनाश कुमार उर्फ कन्नू (32) के कब्जे से कुल 31 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। बरामदगी के बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे जिले में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अविनाश कुमार उर्फ कन्नू के खिलाफ पहले से मारपीट, धमकी, सड़क दुर्घटना समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के पुराने संपर्कों और संभावित सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।