फोरलेन और पुराने एनएच पर वाहनों की रफ्तार घटी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में दो दिन हुई बारिश के बाद रविवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा। मौसम साफ होने के बाद बिलासपुर शहर पूरी तरह धुंध के आगोश में आ गया है।
शहर में रविवार को करीब सुबह 11 बजे तक धुंध छाई रही। गोबिंद सागर झील के साथ लगते क्षेत्रों में लोगों को सर्दी के मौसम में धुंध की समस्या का सामना करना पड़ता है। धुंध के कारण फोरलेन सहित पुराने चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर गाड़ियों की गति भी कम होती है। वाहन चालकों को सुबह लाइट जलाकर चलना पड़ता है। इसके अलावा स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों और ड्यूटी पर जाने वाले लोगों को भी मुश्किलों को सामना करना पड़ता है। साथ ही गोबिंद सागर झील में सुबह के समय बोट से सफर करने वाले लोगों को ठंड में ठिठुरना पड़ता है।
धार वाले इलाकों में जहां सुबह के समय ही लोगों को सूर्यदेव के दर्शन हो जाते हैं, वहीं धुंध वाले क्षेत्रों में लोगों को इसके लिए इंतजार करना पड़ता है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी वाहन चालकों को फोरलेन पर सावधानी से वाहन चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं ताकि कोई हादसा न हो।