बिलासपुर शहर में डेंगू बचाव के लिए फॉगिंग करती क्रिकेट संघ बिलासपुर की बाइक। संवाद
रौड़ा सेक्टर में आए हैं 16 डेंगू के मामले
संघ शहर में लगातार कराएगा फॉगिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर शहर में फैले डेंगू की रोकथाम के लिए जिला क्रिकेट संघ बिलासपुर ने रविवार से डेंगू ग्रस्त क्षेत्रों में फॉगिंग का काम शुरू किया। युवा समाजसेवी जितेंद्र ठाकुर ने फॉगिंग बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में जिला क्रिकेट संघ ऐसे सामाजिक कार्य समय-समय पर करता आया है। शहर में डेंगू को पूरी तरह खत्म किया जाए, इसके लिए संघ ने फॉगिंग शुरू कर दी है। यह निरंतर जारी रहेगी, ताकि समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने बताया कि यदि किसी क्षेत्र में आवश्यकता पड़े तो फॉगिंग बाइक को वहां पर चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि रौड़ा सेक्टर में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी के बाद स्वास्थ्य विभाग भी इस पर रोक के लिए कार्य कर रहा है। इसलिए सभी की जिम्मेदारी है कि इसमें सहयोग करें। रौड़ा सेक्टर के वार्ड नंबर 1 और 2 से 15 दिन में डेंगू के 16 मामले सामने आए हैं। सभी को जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि क्रिकेट संघ पहले भी इस तरह के कार्य करता रहा है। कोरोना के समय में अस्पतालों में पीपीई किट उपलब्ध करवाना, संस्थाओं के साथ मिलकर सेनेटाइजेशन और मास्क वितरण कार्यक्रम भी कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि यह बाइक सभी डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में लगातार घूमती रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास सफाई रखें, ताकि हम मिलकर इस समस्या से अपने शहरवासियों को स्वस्थ रखें।
बिलासपुर शहर में डेंगू बचाव के लिए फॉगिंग करती क्रिकेट संघ बिलासपुर की बाइक। संवाद