बिलासपुर के दयोथ में आयोजित जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रस्तुति देती युवतियां । जाग
- विजेता टीम राज्य स्तरीय स्पर्धा में लेगी भाग
-पंचायत दयोथ में लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भाषा एवं संस्कृति विभाग बिलासपुर की ओर से जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन ग्राम पंचायत दयोथ में किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर के आठ सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में बिलासपुर महाविद्यालय के कलाकारों ने पहला, महालक्ष्मी सांस्कृतिक दल ने दूसरा और हिम कला संगम बिलासपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। तीनों विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहने वाले दल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जाता है। इसके अलावा अन्य बेहतर प्रस्तुति देने वाले दलों को प्रदेश भर में होने वाले राज्य स्तरीय मेलों और अन्य उत्सवों में भाग लेने के लिए भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से यह प्रतियोगिता हर साल करवाई जाती है। यह प्रतियोगिता जिले की संस्कृति का संवर्धन करने के लिए आयोजित की गई थी और इसमें पूर्ण रूप से बिलासपुर के रीति रिवाज और अन्य सांस्कृतिक परंपराओं से उत्पन्न गीतों का ही चयन किया गया था जो कि लोक नृत्य शैली में प्रस्तुत किए गए। इस तरह का आयोजन हिमाचल प्रदेश की संस्कृति का आदान प्रदान करने और कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए किया जाता है। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दयोथ के प्रधान राजेंद्र शर्मा और हिम कला संगम के प्रधान सतपाल शर्मा का काफी योगदान रहा। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय नृत्यांगना फूलां चंदेल, लोक कलाकार राम लाल पाठक और वरिष्ठ पत्रकार अरुण डोगरा रीतू शामिल रहे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त एक्शन मानसिंह रुडक़ी, क्यार कनेता पंचायत के प्रधान रघु राम आदि उपस्थित रहे।
बिलासपुर के दयोथ में आयोजित जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में प्रस्तुति देती युवतियां । जाग