दाखिला लेने के लिए 30 मई 2026 अंतिम तिथि
12वीं विज्ञान पास छात्रों के लिए सुनहरा अवसर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में बीएससी बायोटेक्नोलॉजी ऑनर्स तीन वर्षीय डिग्री कोर्स के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 12वीं विज्ञान उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। इच्छुक छात्र कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है।
प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल ने बताया कि विभाग में वर्ष 2010 से बीएससी बायोटेक्नोलॉजी ऑनर्स कोर्स का सफल संचालन किया जा रहा है। इस कोर्स में प्रति वर्ष 30 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस विभाग से पढ़कर निकले छात्र उच्च शिक्षा, शोध संस्थानों, फार्मास्युटिकल कंपनियों, फूड इंडस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी लैब, हेल्थकेयर, कृषि एवं बायोटेक सेक्टर में कार्यरत हैं। बायोटेक्नोलॉजी वर्तमान समय में तेजी से विकसित होने वाला विज्ञान क्षेत्र है, जिसका उपयोग स्वास्थ्य, कृषि, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक उत्पादन में व्यापक रूप से किया जा रहा है। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत इस कोर्स को अधिक रोजगारोन्मुखी बनाया गया है। इसमें जेनेटिक्स, माइक्रोबायोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, मॉलिक्यूलर बायोलॉजी, बायो इनफॉर्मेटिक्स और इंडस्ट्रियल बायोटेक्नोलॉजी जैसे विषयों का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत और एससी/एसटी वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। ईडब्ल्यूएस के लिए 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं, जबकि सिंगल गर्ल चाइल्ड के लिए एक सीट निर्धारित की गई है। कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर लैब, वाई-फाई कैंपस, डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम और छात्रावास जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। विभाग की ओर से समय-समय पर वर्कशॉप, इंडस्ट्रियल विजिट और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।