पदक जीतने के बाद कोच के साथ अर्चिता और श्रेया।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
कोलकाता में आयोजित 27वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग प्रतियोगिता में बिलासपुर की अर्चिता और श्रेया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीता है। दोनों खिलाड़ियों ने डबल स्कल वर्ग में पहला स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। खास बात यह है कि अर्चिता और श्रेया ने लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
इससे पहले हैदराबाद में आयोजित 26वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग प्रतियोगिता में भी दोनों खिलाड़ियों ने डबल स्कल स्पर्धा में हिमाचल प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीता था। लगातार दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण जीतकर दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और निरंतर बेहतर प्रदर्शन का परिचय दिया है।
अर्चिता और श्रेया ने बिलासपुर के बरमाणा स्थित साई एक्सीलेंसी वाटर स्पोर्ट्स एक्सटेंशन सेंटर में प्रशिक्षण हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों ने कोच मोनिका और कोच संजीव सिंह के मार्गदर्शन में शुरुआती स्तर से ही रोइंग की बारीकियां सीखीं। प्रशिक्षण के दौरान उनकी मेहनत और अनुशासन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।