रामपुर। नैनीताल हाईवे पर बाइक सवार किसान को कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसेे में किसान की मौत हो गई। मौके से चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सदराखेड़ा निवासी किसान शमशेर सिंह उर्फ शेरा (58) शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बाइक से मुल्लाखेड़ा गांव से अपने घर को जा रहे थे। उनके साथ एक व्यक्ति और बाइक पर बैठा था। नैनीताल हाईवे स्थित ग्राम पंजाबनगर गांव से पहले डकरा नदी के पुल के पास रामपुर की तरफ से आ रही एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में किसान घायल हो गया। घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार गया। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार व बाइक कब्जे में कर ली और घायल किसान को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर किसान के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी बृजेश सिंह यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।