पुलिस इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर की पासिंग आउट परेड में माता पिता और भाई के साथ भार्गवी
- फोटो : अमर उजाला
सच्ची लगन और कड़ी मेहनत के दम पर बिलासपुर की भार्गवी चौहान ने जिला और प्रदेश का नाम रोशन किया है। भार्गवी का चयन दिल्ली पुलिस में इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर के लिए हुआ है। उन्होंने हाल ही में दिल्ली पुलिस की पासिंग आउट परेड में कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली।
भार्गवी की इस कामयाबी से जिला बिलासपुर में खुशी का माहौल है। मूल रूप से बिलासपुर के डियारा सेक्टर की रहने वाली भार्गवी चौहान की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल बिलासपुर से हुई है।
शैक्षणिक दौर में भार्गवी व्यास उत्सव में विशेष सम्मान पाने के साथ-साथ इंडियन साइंस कांग्रेस में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के हाथों सम्मानित भी हो चुकी हैं।
भार्गवी ने एचपीपीएमटी की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी, लेकिन लक्ष्य सिविल सर्विसिज में होने के चलते 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद भार्गवी ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से आगे की पढ़ाई के साथ पीएचडी पूरी की।
इसके साथ ही सिविल सर्विसिज की तैयारियां भी जारी रखी। भार्गवी की कड़ी मेहनत रंग लाई और उन्होंने दिल्ली पुलिस में इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर में चयन पाया। भार्गवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है।
भार्गवी की माता अनिता चौहान डीएवी घुमारवीं में शिक्षिका हैं, जबकि पिता डीआर चौहान एचआरटीसी में कार्यरत हैं। भार्गवी चौहान की पासिंग आउट परेड में माता-पिता सहित भाई अमित चौहान और नानी भी उपस्थित रहे।