भारतीय जनता पार्टी घुमारवीं मंडल के सदस्य तिरंगा यात्रा निकालते हुए। स्रोत: भाजपा।
भारत माता की जय और वंदे मातरम के लगाए नारे
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व घुमारवीं में सोमवार को सुबह भारतीय जनता पार्टी घुमारवीं मंडल ने भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया । पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र गर्ग के नेतृत्व में यह यात्रा एम फॉर यू होटल से शुरू होकर गांधी चौक तक निकाली गई।
इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम जैसे नारों से पूरा घुमारवीं देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस दौरान क्षेत्रवासियों में देश प्रेम का उत्साह और अधिक बढ़ गया। पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि हमारी आन, बान और शान तिरंगा है। यह देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता का प्रतीक है। हमारा राष्ट्रीय ध्वज सदैव आसमान में लहराता रहे। उन्होंने घर-घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। इस तिरंगा यात्रा में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, महामंत्री पंकज चंदेल, सरवन जमवाल, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी, ईश्वरदास शर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा, कैप्टन सुरजीत, इंद्री देवी, कमलेश कुमारी, अनिता शर्मा, भावना पठानिया आदि लोग मौजूद रहे।