शिव शक्ति व्यापार मंडल ने जनसहयोग से करवाया जागरण, डीएसपी ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। शिव शक्ति व्यापार मंडल भराड़ी की ओर से महामाई के पांचवें विशाल जागरण का आयोजन किया गया। मंगलवार रात हुए जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महामाई की भेंटों, जयकारों और मनमोहक झांकियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। व्यापार मंडल की ओर से हर वर्ष जनसहयोग से इस धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक घुमारवीं विशाल वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मां की ज्योति प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की और महामाई का आशीर्वाद लिया। शिव शक्ति व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि को शाल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने महामाई के दरबार में शीश नवाकर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्य अतिथि डीएसपी विशाल वर्मा ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों को महामाई के जागरण की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रम लोगों को एक मंच पर एकत्रित होने का अवसर प्रदान करते हैं और समाज में एकता का संदेश देते हैं।
जागरण में पटियाल म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने महामाई की भेंटें प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकार राजकुमार पटियाल, मदन पटियाल और नजाम खान ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना 'तेरी जय हो गणेश' से हुई। इसके बाद कलाकारों ने 'आए नवराते मैया के' और 'प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी' सहित कई लोकप्रिय भेंटें प्रस्तुत कीं। हिंदी, पहाड़ी और पंजाबी भेंटों पर श्रद्धालु झूम उठे। कलाकारों ने मां की महिमा का गुणगान करते हुए देर रात तक भक्ति संगीत से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया।
जागरण के दौरान बाबा बालक नाथ, माता शेरावाली, भगवान हनुमान और भगवान शिव की मनमोहक झांकियां भी निकाली गईं। माता तारा रानी की कथा के साथ जागरण संपन्न हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर शिव शक्ति व्यापार मंडल के प्रधान पृथी चंद, उपप्रधान कामराज शर्मा, संयोजक अमरनाथ शर्मा और महासचिव अजय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।