घुमारवीं (बिलासपुर)। पुलिस थाना घुमारवीं के तहत टीहरा गांव में जेठानी ने देवरानी पर कथित तौर पर गैंती से हमला करके घायल कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
टीहरा गांव की बीना देवी पत्नी जगदीश चंद ने पुलिस थाना घुमारवीं में इसको लेकर शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसका पति अध्यापक है। घर में दो बेटे तथा बूढ़ी सास है। उसने आरोप लगाया गया कि उसकी जेठानी आशा अकसर उनके साथ झगड़ा करती है। उसने कहा कि उन्होंने रसोईघर के पानी की निकासी के लिए अंडरग्राउंड पाइप डालकर चारदीवारी के अंदर चेंबर बना रखा है। जेठानी उनकी चारदीवारी के अंदर आई और उनके चेंबर को तोड़ना शुरू कर दिया। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वह तोड़फोड़ को रोकने के लिए अंदर से बाहर निकली तब तक आरोपी महिला ने चेंबर को तोड़ दिया।
पूछताछ करने पर वह उसके साथ मारपीट पर उतारू हो गई। महिला ने उस पर गैंती से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी बाजू पर गहरी चोट आई है। इतने में पीड़ित महिला का पति लेंटर के ऊपर से भागता हुआ आया और उसे छुड़ाने का प्रयास करने लगा तो आरोपी महिला ने उसे भी धक्का दे दिया। उसने जान से मारने की धमकियां भी दीं। डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र जसवाल ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।