शाहतलाई (बिलासपुर)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर दराट से हमला कर दिया। इस हमले में व्यक्ति ने किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं, शोर मचाने पर घर के सदस्य और आसपास के लोगों के आने पर हमलावर मौके से भाग गए। लेकिन, व्यक्ति को जाते-जाते गंभीर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी।
पुलिस को दिए बयान में ग्राम पंचायत कलोल के गांव टिहरी निवासी राम प्रकाश ने अपने पड़ोसी व उसके जीजा के साथ तीन अन्य लोगों के खिलाफ डंडों, दराट से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करवाया। आरोप लगाया कि उसका पड़ोसी रोशन लाल उसकी मलकीयत भूमि में से बिना अनुमति सरकारी भूमि को जेसीबी ले गया। इस पर उसने कब्जा कर रखा है। जब उससे पूछा गया कि उसने ऐसा क्यों किया तो उसने धमकाना शुरू कर दिया।
धमकी के बाद शाम को करीब 6 बजे मैं अपने घर से करीब 25 मीटर दूरी पर खड़ा था कि एक गाड़ी आई जिसमें चालक के अलावा चार व्यक्ति सवार थे। उनमें से एक रोशन लाल का जीजा चलावा निवासी तेजपाल भी था। तेजपाल ने रोशन लाल को आवाज लगाई कि किसने काम को रोका है। इस पर रोशन लाल ने मेरी तरफ इशारा कर दिया। इसके बाद तेजपाल ने दराट से मेरी गर्दन पर वार कर दिया। जैसे तैसे गर्दन झुका कर मैं बच गया। पुलिस ने प्रकाश चंद की शिकायत पर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। उधर, घुमारवीं के डीएसपी राजेंद्र जसवाल ने मामले की पुष्टि की है।