संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर ट्रक ऑपरेटर सहकारी सभा बरमाणा में ऑपरेटरों की मांगों को लेकर हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। शनिवार सुबह 11:00 बजे बीडीटीएस और एसीसी प्रबंधन के बीच में वार्ता भी हुई, लेकिन इसमें कोई बात नहीं बनी। इसके बाद सभा के सदस्यों और ऑपरेटरों ने बरमाणा बाजार में रैली निकालकर एसीसी प्रबंधन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
सभा के अध्यक्ष जीतराम गौतम ने बताया कि बीडीटीएस और एसीसी प्रबंधन के बीच अनुबंध हुआ है कि सभा के ऑपरेटरों को प्रतिदिन 12,000 मीट्रिक टन सीमेंट और तीन हजार मीट्रिक टन क्लींकर ढुलाई दी जाएगी।
अब यह मात्रा पांच हजार मीट्रिक टन ही रह गई है। कहा कि कंपनी नालागढ़ और अन्य प्लांट से क्लींकर और सीमेंट की आपूर्ति कर रही है, जोकि सभा के ऑपरेटरों के साथ सरासर अन्याय है। कंपनी की मनमानी से सैकड़ों ऑपरेटरों, ट्रक चालकों की रोजी-रोटी पर बन आई है।
गौतम ने कहा कि शनिवार को एसीसी प्रबंधन के साथ बैठक की गई, लेकिन प्रबंधन सिर्फ पांच हजार मीट्रिक टन देने की बात पर अड़ा है। कहा कि ऑपरेटरों को कंपनी का यह अड़ियल रवैया मान्य नहीं है।
अगर कंपनी नहीं मानी तो सभा कड़े निर्णय लेगी। बड़ी बात यह है कि सभा के दोनों गुट ऑपरेटर हित को लेकर एक मंच पर आ गए हैं। लेखराम वर्मा और जीतराम गौतम सहित सभा के सभी 21 सदस्य मिलकर कंपनी के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, धरना जारी रहेगा।