बोले-ट्रक ऑपरेटरों की मांगों पर कंपनी प्रबंधन कर रहा है विचार
-बैठक में ट्रक ऑपरेटरों के किसी भी मुद्दे को लेकर नहीं हुआ है कोई निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अदाणी समूह के एसीसी सीमेंट बरमाणा इकाई के लिए अधिकृत ट्रक ऑपरेटर सहकारी सभा बिलासपुर (बीडीटीएस) और अदाणी समूह प्रबंधन के बीच बुधवार को हुई बैठक में कंपनी प्रबंधन ने सालाना हाइक देने पर हामी नहीं भरी है। इस मांग को लेकर बीडीटीएस प्रबंधन आधारहीन बयानबाजी कर रहा है। कंपनी प्रबंधन ऑपरेटरों की मांगों पर अभी विचार कर रहा है।
अदाणी समूह के एचआर पदमनाभ शर्मा ने बीडीटीएस और कंपनी प्रबंधन के बीच हुई बैठक को लेकर बीडीटीएस प्रबंधन की बयानबाजी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बैठक में ट्रक ऑपरेटरों की मांगें कंपनी प्रबंधन ने सुनी हैं, लेकिन उन पर कोई भी निर्णय नहीं लिया गया है और न ही अभी तक इन मांगों को पूरा करने का कोई आश्वासन दिया गया है। कहा कि प्रबंधन अभी उनकी मांगों को लेकर विचार कर रहा है। जब भी इन मांगों को लेकर कोई निर्णय लिया जाएगा तो सभी ट्रक ऑपरेटरों को इसकी सूचना दे दी जाएगी। बताते चलें कि बुधवार को बीडीटीएस और कंपनी प्रबंधन के बीच बैठक हुई थी। बैठक के बाद बीडीटीएस प्रबंधन की ओर से प्रेस नोट जारी किया गया था कि 1 अप्रैल 2023 से 1 अप्रैल 2024 तक पेंडिंग सालाना हाइक पर बैठक में बड़ी देर तक मंथन हुआ। इस पर कंपनी प्रबंधन की ओर से 17 अगस्त तक का समय मांगा गया है। 17 अगस्त वाली बैठक में सालाना हाइक को लेकर निर्णय होगा। कहा कि बीडीटीएस प्रबंधन 17 अगस्त तक मंडी, बग्गी, धनोटू, ढाबण, नेरचौक और उखली के डंपों पर सीमेंट ढुलाई बंद रखेगा। अब इन डंपों की बजाय बरमाणा प्लांट से सीधे सीमेंट की ढुलाई होगी। कंपनी प्रबंधन ने बीडीटीएस के बयान को सिरे से खारिज किया है।