सीर उत्सव में खेल मुकाबलों का रोमांच, महिला मंडलों और विभागीय टीमों ने लिया हिस्सा
बैडमिंटन के अलग-अलग आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने किया बेहतर प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। सीर उत्सव-2026 की खेल प्रतियोगिताओं में महिलाओं और युवाओं ने दमखम दिखाया। उत्सव के तहत आयोजित विभिन्न खेल मुकाबलों में महिला मंडलों के साथ पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास और वन विभाग की टीमों ने भी भाग लिया।
महिला मंडलों के लिए कबड्डी, रस्साकशी, बोरा दौड़ और तीन टांग दौड़ समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। कबड्डी में आठ महिला मंडलों ने भाग लिया। इसमें बरोटा महिला मंडल विजेता और सनौर महिला मंडल उपविजेता रहा। वन विभाग की टीम ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
रस्साकशी में 11 टीमों ने भाग लिया। इसमें आंगनबाड़ी घुमारवीं की टीम ने पहला और पुलिस विभाग की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में महिला मंडलों के अलावा स्वास्थ्य, बाल विकास, शिक्षा, वन और पुलिस विभाग की महिला प्रतिभागियों ने भी भाग लिया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता भी महिला मंडलों के लिए आयोजित की गई।
बास्केटबॉल में 10 टीमों के बीच मुकाबला हुआ। घुमारवीं की टीम विजेता और कुठेड़ा की टीम उपविजेता रही। फुटबॉल में छह टीमों ने भाग लिया। ब्लेजर एफसी ने पहला और घुमारवीं फुटबॉल क्लब ने दूसरा स्थान हासिल किया। हैंडबाल में मोरसिंघी के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
बैडमिंटन के अंडर-17 वर्ग में अंशुमन और समर प्रथम तथा शुभकरण और दिव्यांश द्वितीय रहे। महिला ओपन वर्ग में रिया प्रथम और रिया परमार द्वितीय रहीं। 65 प्लस वर्ग में विकास और प्रिंस प्रथम तथा प्रोफेसर राकेश कुमार और रजत द्वितीय रहे। 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में मनोज और रॉकी चंदेल प्रथम तथा सुरजीत परमार और सुरजीत पटेल द्वितीय रहे। ओपन वर्ग में वंश और रिदम उप्पल प्रथम तथा चंदन ठाकुर और क्रिस द्वितीय रहे। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि सीर उत्सव को केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए खेल गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है। युवाओं और महिलाओं को अधिक अवसर देने के लिए भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
सीर उत्सव में आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता में दमखम दिखाती महिलाएं। स्रोत: डीपीआरओ