फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: चिट्टा कारोबारियों पर बड़गांव पंचायत की सख्ती, सरकारी सुविधाओं पर रोक

विज्ञापन
विज्ञापन
फेरीवालों और संदिग्धों की पुलिस सत्यापन के बाद होगी एंट्री
विज्ञापन

चिट्टा और नशीले पदार्थों के खिलाफ ग्रामीणों से सहयोग की अपील
बरठीं-सुन्हाणी बस सेवा और भगेड़-बरठीं रात्रि बस चलाने की मांग
जल स्रोतों के संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त पंचायत और डिजिटल व्यवस्था पर भी जोर

संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। विकासखंड झंडूता की बड़गांव पंचायत ने नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विकास, सुरक्षा और सामाजिक सुधार से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। पंचायत प्रधान मंगल ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से तय किया कि चिट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों को सरकारी योजनाओं और पंचायत की सुविधाओं का लाभ नहीं दिया जाएगा।

ग्रामीणों से चिट्टा और चरस जैसी नशीली प्रवृत्तियों को जड़ से खत्म करने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में निर्णय लिया कि पंचायत क्षेत्र में आने वाले बाहरी फेरीवालों और स्वयं को बाबा बताने वाले लोगों की पुलिस सत्यापन और पहचान की जांच के बाद ही पंचायत में एंट्री दी जाएगी। बाहरी राज्यों से पंचायत क्षेत्र में रह रहे मजदूरों का भी सत्यापन कर उनका रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
विज्ञापन

पंचायत ने सामाजिक परंपराओं से जुड़े विषयों पर भी निर्णय लेते हुए किन्नरों को दी जाने वाली बधाई की राशि न्यूनतम 2100 रुपये निर्धारित करने का फैसला लिया। इसके अलावा महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, युवक मंडलों और ग्रामीणों के सहयोग से प्राकृतिक जल स्रोतों, बावड़ियों और कुओं के संरक्षण और रखरखाव का अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में कोरोना काल से बंद हिमाचल पथ परिवहन निगम की बरठीं-सुन्हाणी (टिहरा मार्ग) बस सेवा को दोबारा शुरू करने, शाम करीब आठ बजे भगेड़ से बरठीं तक अतिरिक्त बस चलाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
विज्ञापन

पंचायत का कहना है कि शाम 6:40 बजे के बाद बरठीं के लिए कोई बस उपलब्ध नहीं होती, जिससे बद्दी और नालागढ़ से लौटने वाले लोगों को भगेड़ से घर पहुंचने में भारी परेशानी होती है। मजबूरी में लोगों को टैक्सी करनी पड़ती है, जहां मनमाना किराया वसूला जाता है। इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी बिलासपुर को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बैठक में सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक, दुकानों पर डस्टबिन की व्यवस्था, पंचायत को डिजिटल बनाने, पात्र लोगों को आवास, बकरी शेड और बीपीएल योजनाओं का लाभ दिलाने तथा मजदूरों की दिहाड़ी तय करने जैसे प्रस्ताव भी पारित किए गए। इस अवसर पर पंचायत सचिव विपिन कुमार, पंचायत सदस्य वीरभान चंदेल, रामलाल, विनोद कुमार, जितेंद्र पाल, सुषमा, रीता सहित अन्य सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें