झंडूता के रोहल पंचायत के बलेटा गांव में 1.5 किमी सड़क का हुआ उद्घाटन
जंगल के रास्ते से होती थी आवाजाही, अब आसान होगा सफर
लोगों में पेयजल टैंक और श्मशानघाट सड़क की भी उठाई मांग
मूलभूत सुविधाओं को पूरा करना हमारी प्राथमिकता : विवेक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत रोहल के गांव बलेटा के लोगों को आखिरकार सड़क सुविधा मिल गई है। आजादी के कई दशक बीत जाने के बावजूद अब तक सड़क से वंचित रहे इस गांव के लोगों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव एवं झंडूता कांग्रेस नेता विवेक कुमार के समक्ष अपनी समस्या रखी थी, जिसके बाद यह बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो सकी।
रविवार को बलेटा गांव में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव विवेक कुमार ने करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों की ओर से कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। सड़क बनने से गांव के लोगों को अब आवागमन में भारी राहत मिलेगी। इससे पहले ग्रामीणों को जंगल के कच्चे रास्तों से होकर गुजरना पड़ता था, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी में काफी परेशानियां झेलनी पड़ती थीं। विवेक कुमार ने कहा कि जल्द ही सड़क के आगामी कार्यों के लिए बजट उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि इसे और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के सहयोग से झंडूता क्षेत्र में लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इस मौके पर ग्रामीणों ने गांव में बने पेयजल टैंक को जल्द शुरू करने और श्मशानघाट तक सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी। विवेक कुमार ने इन मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बलेटा गांव की तरह क्षेत्र के अन्य गांवों में भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी और लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस मौके पर
कार्यक्रम में बीडीसी श्यामलाल शर्मा, बीडीसी कलोल हरदई, नंद नगरावं सपना देवी (वार्ड सदस्य), रमेश राजपूत, राकेश चंदेल, गोल्डी कश्यप, रमेश धीमान, भगत सिंह, देसराज, नैनसुख, हरिराम, जगदीश शर्मा, राकेश, बलदेव, सरवण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।