झंडूता थाना में 17 मार्च 2022 को दर्ज हुआ था धोखाधड़ी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सत्र न्यायाधीश बिलासपुर ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी रोहित सिंह चंदेल को जमानत पर रिहा करने का आदेश जारी किया। सभी तथ्यों और साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने कहा कि मामले से जुड़ी अधिकांश बरामदगियां हो चुकी हैं। मुकदमे के निपटारे में समय लग सकता है, इसलिए आरोपी को लंबे समय तक जेल में रखना उचित नहीं होगा।
अदालत ने आरोपी रोहित सिंह चंदेल को एक लाख के निजी मुचलके और समान राशि की जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। थाना झंडूता में 17 मार्च 2022 को धोखाधड़ी और अन्य कई धाराओं में यह मामला दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि आरोपी ने खुद को भारतीय सेना का कर्मी बताते हुए और अपने परिजनों को विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत बताकर एसबीआई में नौकरी दिलाने का लालच देकर 2,61,000 रुपये ठग लिए। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता को यह विश्वास दिलाया कि वह अपने कॉन्टेक्ट के माध्यम से बैंक में नौकरी लगवा सकता है। उसने कुछ राशि गूगल पे के जरिए और बाकी नकद ली थी। इसके बाद शिकायतकर्ता को न तो कोई नौकरी मिली और न ही उसकी राशि लौटाई गई। बाद में जब शिकायतकर्ता को पता चला कि आरोपी आदतन ठग है और कई लोगों को इसी तरह से झांसे में ले चुका है, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य एकत्र करने के बाद 26 सितंबर 2025 को आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने अदालत को सूचित किया कि मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और चालान दाखिल करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले को लेकर सरकारी और बचाव पक्ष में तर्क के बाद सत्र न्यायाधीश ने इसकी सुनवाई की। आदेश दिया है कि आरोपी जांच में सहयोग करेगा और हर पेशी पर अदालत में उपस्थित रहेगा। वह गवाहों को किसी भी प्रकार से धमकाने या प्रभावित करने की कोशिश नहीं करेगा। वह समान प्रकृति के किसी भी अपराध में संलिप्त नहीं होगा। आरोपी बिना अदालत की अनुमति के हिमाचल प्रदेश की सीमा से बाहर नहीं जाएगा।