लुहारवीं पंचायत में लोगों को चिट्टे के प्रति किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। एक ग्राम चिट्टा पकड़े जाए या 500 ग्राम किसी की भी जमानत न हो, ऐसा कानून बनना चाहिए और जेल होनी चाहिए। यह बात संस्कार संस्था के संस्थापक महेंद्र धर्माणी ने लुहारवीं पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में कही।
घुमारवीं अगेंस्ट चिट्टा अभियान के तहत रविवार को लुहारवीं पंचायत में लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि हमें बच्चों को अच्छा माहौल देना होगा, ताकि बच्चे अपने माता -पिता के साथ अपनी पूरी दिनचर्या को खुलकर बताएं। उन्होंने गांव के बड़े बुजुर्गों से आग्रह किया कि गांव में आने वाले अनजान व्यक्ति की जरूर पूछताछ करें। ऐसा करने से नशा बेचने वाले सप्लायर गांव में आने से डरने लगेंगे और उनका गांव में आना बंद हो जाएगा। धर्माणी ने कहा कि हमें जागरूक होना होगा तभी पुलिस और सरकार चिट्टा सप्लायरों पर सख्त कार्रवाई करेगी। लुहारवी पंचायत उप प्रधान प्रदीप रतवान ने कहा कि संस्था द्वारा चिट्टे के खिलाफ जो अभियान चलाया है ये समाज के लिए बहुत ही नेक कार्य है। सभी को मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ना चाहिए, ताकि हमारे बच्चे सुरक्षित रह सकें। इस मौके पर लुहारवी पंचायत प्रधान आशा ठाकुर, पूर्व प्रधान कर्म सिंह चंदेल, बीडीसी सदस्य निशा शर्मा, घुमारवीं पंचायत प्रधान किशोरी लाल शर्मा, सुरेश ठाकुर, होशियार सिंह, धर्म सिंह, रविंद्र सिंह, बांके बिहारी और विरोचन ठाकुर उपस्थित रहे।