बिलासपुर। जिले के युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से 13 और 14 जून को किसान भवन बिलासपुर में बगतूर मार्शल आर्ट प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में करीब 226 खिलाड़ी भाग लेंगे।
जिला बगतूर मार्शल आर्ट एसोसिएशन के महासचिव कुलदीप सिंह ठाकुर और अध्यक्ष चंद्रशेखर भारद्वाज ने बताया कि प्रदेश में बगतूर मार्शल आर्ट सात जिलों में सक्रिय रूप से काम कर रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के लिए हिमाचल प्रदेश बगतूर संघ लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि जिला के सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सितंबर में कांगड़ा के नूरपुर में होने वाली तृतीय राज्य बगतूर मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में जिला का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान महासचिव कुलदीप सिंह ठाकुर, अध्यक्ष चंद्रशेखर भारद्वाज, तकनीक निदेशक बृजलाल चौहान, कोषाध्यक्ष कोमल, उपाध्यक्ष सुमन चड्ढा, चमनलाल, शीतल शर्मा, सपना सेन सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद