हथियार कब्जे में लेने के बाद कार चालक को किया गिरफ्तार
आरोपी पर पहले भी हैं आर्म्स एक्ट के तहत छह मामले दर्ज
अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी पुलिस के स्पेशल सेल एक्स ने नालागढ़ के रेडू पंचायत के भटोली गांव के एक व्यक्ति की कार से एक पिस्टल और एक देसी कट्टा बरामद किया है। कार से जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने पिस्टल, कट्टा व कारतूस कब्जे में लेने के बाद व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे बुधवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा दिया गया।
जानकारी के अनुसार बद्दी के पुलिस के स्पेशल सेल एक्स के प्रभारी इंद्र के नेतृत्व में पुलिस ने रेडू पंचायत के भटोली गांव में सतीश कुमार पुत्र हरिराम के घर पर दबिश दी। सतीश के मकान के आगे खड़ी गाड़ी की तलाशी ली। पुलिस को गाड़ी में हथियार होने की सूचना मिली थी। तलाशी के दौरान कार से एक पिस्टल व एक देसी कट्टा मिला। कार से 11 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। जब कार के संचालक से इसके बारे में परमिट व लाइसेंस मांगे तो वह दिखा नहीं पाया। जिस पर पुलिस ने सतीश कुमार को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि सतीश कुमार पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त था। इसके खिलाफ 2023 व 2024 व 2025 में आर्म्स एक्ट और 2025 में माइनिंग एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत ने उसे 3 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।