राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला घुमारवीं में हुई बेबी शो प्रतियोगिता
विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं ( बिलासपुर)। राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला घुमारवीं में आयोजित बेबी शो प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही, जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक अदाओं से सभी का दिल जीत लिया।
बेबी शो को तीन आयु वर्गों में 0 से 1 वर्ष, 1 से 2 वर्ष और 2 से 3 वर्ष में विभाजित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 44 बच्चों ने भाग लिया। 1 वर्ष वर्ग में 10 बच्चों ने हिस्सा लिया, जिसमें अथर्व ने पहला, विहान ने दूसरा और अनंत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 1 से 2 वर्ष वर्ग में 14 प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा हुई, जिसमें आरव पहले, अंशिका दूसरे और यशस्वी तृतीय रहे। 2 से 3 वर्ष वर्ग में सर्वाधिक 20 बच्चों ने भाग लिया, जिसमें आरव चौहान पहले, नव्या दूसरे और अभिराज तृतीय स्थान पर रहे। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि इसमें बच्चों की प्रतिभा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का हेल्थ चेकअप किया गया। इसमें उनके शारीरिक विकास और स्वास्थ्य की जांच की गई।
बच्चों के लिए हल्की-फुल्की गतिविधियां और मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। खंड चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अनुपम शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर विजेता प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बेबी शो केमिस्ट एसोसिएशन घुमारवीं और मेला कमेटी की ओर से प्रायोजित किया गया। इस अवसर पर दवा निरीक्षक दिनेश गौतम, जिला बिलासपुर केमिस्ट एसोसिएशन के महासचिव अरविंद महाजन, बाल विकास परियोजना अधिकारी रंजना शर्मा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अनीता सहगल, केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी ओंकार चोपड़ा, फारूक मोहम्मद, संजीव शामा, विवेक संख्यान उपस्थित रहे।