उपायुक्त राहुल कुमार ने विकास कार्यो का किया निरीक्षण, खर्च हो रहे 2.75 करोड़
चरण गंगा नदी के किनारे बनेगा स्नान घाट, प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शाहतलाई स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार पर लगभग 2.75 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इस परियोजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश एवं निकासी द्वारों का निर्माण किया जा रहा है।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने शनिवार को मंदिर में पूजा-अर्चना एवं हवन में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बताया कि समस्त कार्य चरणबद्ध ढंग से संपन्न किए जाएंगे ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यह कार्य आगामी एक साल के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने चरण गंगा नदी के किनारे एक सुनियोजित स्नान घाट के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित स्नान सुविधा प्राप्त होगी। इसके बाद उपायुक्त ने गुरुनाझड़ी मंदिर का भी दौरा किया और वहां शीश नवाया। उन्होंने मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया, जहां दिल्ली निवासी श्रद्धालु नरेश की मंदिर विकास के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है। मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित गोसदन की औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए, ताकि गोसेवा एवं संरक्षण को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। इस अवसर पर बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास प्रभारी एवं एसडीओ शाहतलाई विजय ठाकुर, मंदिर कर्मचारी प्रेम लाल, शिवम चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।